Saturday, June 13, 2009

इंडियन रेलवे-ट्रेन के शाहरुख़-रेलवे मिनिस्टर

कभी कभी सोचता हूँ कि अगर दिलवाले दुल्हनिया ले जायेंगे की शूटिंग बिहार या उत्तर प्रदेश में होती तो क्या चलती हुई ट्रेन को पकड़ने के लिए भागती सिमरन (काजोल) और उसे देख कर अपनी ही अदा में हाथ निकल कर उसे चढाने की कोशिश करता राज (शाहरुख़ खान) का वो प्यारा और युवाओं का मन मोहने वाला सीन बन पाता या फ़िल्म के आखिर में अमरीश पुरी का काजोल से कहना जा सिमरन जी ले अपनी ज़िन्दगी और काजोल दोबारा ट्रेन की तरफ़ भागती।

जी नही। उत्तर प्रदेश और बिहार में कुछ अलग सीन होता। शायद कुछ ऐसा शुरुआत में ट्रेन निकलती देख न काजोल भागती और न शाहरुख़ हाथ निकलकर पकड़ता क्योंकि या तो ड्राईवर चला कर २०० मीटर चलने के बाद ट्रेन रोक खड़ा हो जाता(मैंने अक्सर इस हालत को झेला है ) या शाहरुख़ वैक्यूम (ये शब्द मैंने ट्रेन में सुना है) लगा कर आराम से १० मिनट के लिए ट्रेन रोक लेता। आखिरी सीन में भी कुछ ऐसा ही होता।

ये सीन सबसे बड़े रेलवे नेटवर्क देश के २ बड़े राज्यों की दास्ताँ है हो सकता है कुछ और में भी हो पर मैंने दूसरी जगह इसे झेला नही है। ट्रेन आती है लेट, चलती है लेट, चलकर रूकती है फिर लेट होती है। जगह जगह लोग अपना घर पास आते ही ट्रेन रोक लेते हैं ऐसा पहले बस में होता था कि मोहल्ला या गाँव पास आया तो बस रोक ली स्टेशन तक कौन जाए एक ही शहर में १०-२० जगह लोग बस रोकते थे। अब ट्रेन में भी ये हो रहा है। आखिरी में तो और मज़ा आता है जब ट्रेन स्टेशन के नज़दीक पहुच जाती है तो आउटर पर खड़ी हो जाती है। न तो उतरते बनता है kyoki ख़ुद को सभ्य नागरिक दिखाना पड़ता है और जब आखिरी में सभ्यता टूटने लगती है तो आउटर पर रेल पटरियों पर सुबह सुबह लोगों की नित्य क्रिया और उसके बाद का माहौल उतरने नही देता। ये हाल तब है जब रेल मिनिस्टर कम से कम बातों में ही दिल्ली में मंत्रालय में समय देते थे अब न जाने क्या होगा जब रेल मिनिस्टर ने कहा कि वो ज़्यादा समय पश्चिम बंगाल में रहेंगी। एक गुजारिश है कोई इस लेख को उन्हें न सुनाये नही तो मैडम का गुस्सा तो आप लोग जानते ही होंगे .........

Saturday, May 23, 2009

तेरा साथ.......मेरी ज़िन्दगी...

ये मानता हूँ

मेरी ज़िन्दगी के लिए

तेरा साथ ज़रूरी है

पर क्या तेरे निगाह में

मेरा जिंदा रहना

इतना ही ज़रूरी है?

Tuesday, April 28, 2009

वोट फॉर्म १७ ऐ से, और नक्कार दे अपराधियों को

अब वक्त आ गया है की हम निकाल फेके उन अपराधियों, भ्रष्ट नेताओं को जो अपना उल्लू सीधा करते हैं। अभी तक हम लोग सोचते हैं की किसको वोट दे सभी तो अपराधी हैं और हम वोट देने नही जाते कम वोटिंग होती है और लोग जीत जाते हैं। हमारा वोट देना न देना कोई मायने नही रखता। कुछ साल पहले मैं जो सोचता था की किसी प्रत्याशी को न चुनने और नकारने का अधिकार हमारे पास होना चाहिए। सेक्शन ४९ ओ में ये व्यवस्था है।

हम में से काफी इस अधिकार के बारे में नही जानते। हमे जाकर पोलिंग बूथ पर फॉर्म १७ ऐ भरना होगा और उसका प्रतिशत ज़्यादा होने पर उस एरिया में दोबारा मतदान कराया जाएगा। पहले खड़े उम्मीदवारों को दोबारा चुनाव लड़ने नही दिया जाएगा । इस प्रकार पार्टियाँ सही व्यक्ति को टिकेट देने पर मजबूर हो जाएँगी।

कोई नेता इसकी जानकारी लोगों को नही देता इसकी वजह आप समझते होंगे। मीडिया भी इस मुद्दे को नही उठाते शायद उनमे से काफी का अपना हित छुपा हो। पर अब ये जानकारी लोगों तक पहुचना हमारा काम है। अब हमारा काम है हल्ला बोलना इस फॉर्म १७ ऐ के साथ.... अपना कमेन्ट ज़रूर दे इस जानकारी पर ......

Wednesday, April 22, 2009

मैं अगर तुझसे.....

मैं अगर तुझसे
दूर भी जाऊंगा
तेरी आँखों से
नमी चुरा ले जाऊंगा
गम को पास आने की
इजाज़त न होगी
खुशी को तेरा
पहरेदार बना जाऊंगा।

Wednesday, March 18, 2009

अब मुझे दकियानूस नही समझना

आजकल टीवी पर एक विज्ञापन आ रहा है जो काफी बढ़िया है। वो है पेट्रोल और कुकिंग गैस बचाने का विज्ञापन। एक बच्चा अपने पापा से ट्रैफिक में रुकी कार में कहता है की साइकिल रिपयेर की दुकान खोलेगा। उसके पापा के चौंकने पर वो कहता जिस तरह से लोग पेट्रोल बरबाद कर रहे हैं उससे एक दिन पेट्रोल ख़त्म हो जाएगा और लोग साइकिल चलाएंगे.......................पेट्रोल पम्प पे कम करने वाला और गैस डिलिवरी करने वाला २०% छूट की बात करता है। और पूछने पर सलाह देता है वो तो आपके हाथ में है। ४५ किमी /घंटे की स्पीड से गाड़ी चलने, सिग्नल पर इंजन बंद करने और कुकर का प्रयोग करने व् खाना ढककर पकाने से २०% गैस और पेट्रोल की बचत होगी।

अच्छा प्रयास है... पर जब मैं घर पर या किसी जानने वाले से पानी की बचत करने, बिजली बचाने आदि के बारे में कहता हूँ तो उन्हें मैं शायद दकियानूस लगता हूँ या वो मुझे भाषण देने वाला समझते हैं। पर मेरी बात नही सुनी जाती या वो भूल जाते हैं कुछ कहते हैं सिर्फ़ हमारे करने से क्या होगा?

कोई यहाँ कुछ करना नही चाहता ये बचत कितनी ज़रूरी है और कितनी बड़ी है ये बात पिज्जा खाने वाला, माल में घुमने वाला, कानो में बाली पहनने वाला और फटी जींस (स्टाइल के लिए) पहनने वाला लड़का, और ऐसे लड़को के साथ रहना पसंद करने वाली और अख़बार के सिर्फ़ पेज ३ पढने वाली लड़की, बेटे बेटी की शराब पीने को मामूली गलती और आज का दौर बताने वाले माता पिता शायद ही इसे समझे। हाँ विज्ञापन को देखकर उन्हें ये कांसेप्ट बढ़िया लग सकता है और ज़्यादा से ज़्यादा उन्हें इस field में करियर बनने की इच्छा हो सकती पर ...खैर मेरा मकसद तो इस विज्ञापन बनाने वाले, इसे जारी करवाने वालो का धन्यवाद् देना था क्योंकि उन्होंने मुझे दकियानूस साबित नही होने दिया...

Tuesday, February 10, 2009

विज्ञापनों में महिला का चरित्र.... विरोध में गुलाबी चड्ढी कब?

एक नई मोटरसाइकिल का टीवी पर विज्ञापन देखा। महिलाओं के चरित्र पर विज्ञापन जगत का एक और हमला देखने को मिला। मोटरसाइकिल देख कर एक लड़की अपने बेटी को दीदी की बेटी, एक अपने प्रेमी को भाई बना लेती है। सिर्फ़ उस नई मोटरसाइकिल वाले लड़के के लिए। क्या ऐसा होता है कि लड़कियां सिर्फ़ मोटरसाइकिल आदि जैसी वस्तुओं के लिए प्यार करती हैं। मुझे इस विज्ञापन का मतलब लड़कों के लिए भी कुछ ठीक नही लगा। कोई शरीफ इंसान ऐसी लड़की से प्यार नही करना चाहेगा जो मोटरसाइकिल देखकर प्यार करे क्योंकि कल वो लड़की किसी और वस्तु के लिए उस लड़के को छोड़ सकती है।

ये तो कुछ भी नही एक डेओ के विज्ञापन में एक लड़की डेओ की महक की वजह से उस डेओ लगाये लड़के साथ सेक्स के बारे में सोचती है।

मैंगलोर में जो हुआ उस से बुरा हमला लड़कियों और भारतीय संस्कृति पर ये विज्ञापन हैं। कोई महिला संगठन या कोई श्री राम या शिव सेना इसके ख़िलाफ़ हल्ला क्यो नही बोलती। कोई महिला इन विज्ञापनों के विरोध के लिए पिंक चड्ढी क्यों नही भेजती? क्या लड़कियां सिर्फ़ इन वस्तुओं के लिए प्यार करती हैं? क्या सिर्फ़ एक डेओ की महक से ये अपने जिस्म को लड़को के हवाले कर देती हैं।

Thursday, January 29, 2009

श्री राम सेना, पब संस्कृति और हम, पर सब ग़लत

हाल ही में श्री राम सेना के लोगों ने एक पब में कुछ लोगों की पिटाई की। ज़ाहिर से बात है उन्हें इस बात की आज़ादी संविधान ने नही दी। इस बारे में जानकारी मीडिया से ही प्राप्त हुई। और कल तक इस विषय पर लोगों की राय, नेताओं की राय, महिला समूहों की राय ली जा रही है। सब एक सुर में कह रहे है (कुछ को छोड़कर और कल तक उनके बयान भी बदल जायेंगे) कि महिलाओं पर अत्याचार हुआ है। चैनेल्स पर भी लड़कियों को पिटते हुए दिखाया गया है। लोग कह रहे ये महिलाओं पर अत्याचार है शायद उन्होंने विडियो को ढंग से नही देखा उसमे एक लड़के को कहीं ज़्यादा बुरी तरह से पीटा गया। इस से ये तो तय है की वो सिर्फ़ महिला विरोधी नही थे। पर इसका मतलब ये भी नही की वो सही थे। टीवी पर एक बुजुर्ग राय दे रहे थे कि पब आदि में जाना सही है इससे लड़के लड़की में मेल बढेगा और विवाह आदि में जाति, धर्म के बंधन ख़त्म होगे।

कुछ दिनों पहले पटियाला में लड़कियां पब में गईं थी और कुछ ऐसा हो रहा था कि मीडिया ने पुलिस को जानकारी दी और फिर कुछ ऐसी तस्वीर सामने आई कि महिला संस्कृति (मेरे हिसाब से शर्मसार हुई) लड़कियां शराब पीकर सड़कों पर पड़ी थी कुछ तो अपने अर्धनग्न बदन को ढकने की हालत में भी नही थी। पंजाब मीडिया ने इस ख़बर को दिखाया था। क्या पटियाला में जो हुआ वो सही था? मुंबई में भी एक रेव पार्टी में कुछ लोग पकड़े गए थे। उन में से ९० % से ज़्यादा लोग चरस आदि जैसे नशे करने के दोषी पाए गए। कुछ समय पहले शायद मुंबई में ही नए साल कि पार्टी में लोगों के समूह ने एक लड़की से बदतमीजी की थी और वो ख़बर सुर्खियों में आई थी।


हमारे लोग श्री राम सेना का विरोध तो कर रहे हैं जो सही है पर ऐसी पब पार्टियों का समर्थन क्यों कर रहे हैं समझ नही आता? काफ़ी पढ़ी लिखी महिलाओं ने लड़कियों के शराब पीने को उचित बताया। मेरे हिसाब से उन्हें पुरूष के शराब पीने पर आपत्ति करनी चाहिए थी क्योंकि इस देश में काफ़ी अपराध नशे में होते हैं। पर उन्होंने लड़कियों के शराब पीने का समर्थन किया। हाल ही में आई फैशन फ़िल्म में भी अभिनेत्री प्रियंका चोपडा नशे में धुत एक अनजाने लड़के के साथ डांस करती हैं और जब होश आता है तो उसके साथ बिस्तर पर मिलती हैं। अब आप बताये आपके अनुसार लड़कियों के शराब के समर्थन का जवाब क्या सही था?

लगता है देश में अब चारित्रिक पतन होना शर्मनाक नही है। मैं श्री राम सेना का समर्थक नही पर लोगों को उनके विरोध व् अश्लीलता और नशे के समर्थन में फर्क करना चाहिए। हल्ला बोलो ऐसी श्री राम सेना के असामाजिक काम के ख़िलाफ़। साथ ही भारतीय संस्कृति को धूमिल करने वाले ऐसे डिस्क, पब संस्कृति के ख़िलाफ़ भी। हमे नशे के ख़िलाफ़ हल्ला बोलना है चाहे वो पुरूष करे या महिला।